वाराणसी : चौबेपुर थाने का करीब 8 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह एक महिला को लगातार थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव के जमीन विवाद से जुड़ी है। आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में दोनों पक्षों को चौबेपुर थाने बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान गीता पत्नी रामसेवक भी थाने पहुंच गईं। अपने पति को बुलाने का कारण पूछने पर उनकी SI रोशनी सिंह से बहस हो गई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर महिला दारोगा ने गीता को 8 सेकेंड में 5-6 थप्पड़ जड़ दिए। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो गया है।
पुलिस ने क्या कहा?
ACP सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो एक दिन पुराना है। जमीन विवाद की शिकायत पर गीता के पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान गीता भी थाने पहुंची और विवाद बढ़ गया।
ACP ने कहा, “सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
सोशल मीडिया पर आक्रोश
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के रवैये और कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोग महिला दारोगा की दबंगई की निंदा कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी।
