नई दिल्ली : FIFA विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। 2010 की विश्व चैंपियन स्पेन टूर्नामेंट की पहली फाइनलिस्ट टीम बन गई।
एम्बाप्पे का जादू फीका
फीफा रैंकिंग में नंबर-1 फ्रांस की अगुवाई किलियन एम्बाप्पे कर रहे थे। सेमीफाइनल से पहले विश्व कप में उनके नाम 20 मैचों में 20 गोल थे। साथ में बैलन डी’ओर विजेता उस्मान डेम्बेले और 5 असिस्ट कर चुके माइकल ओलीसे भी थे। लेकिन स्पेन की मजबूत डिफेंस के सामने ये तिकड़ी पूरी तरह बेअसर रही। स्पेन ने टूर्नामेंट के 7 मैचों में 6वीं बार विरोधी टीम को गोल नहीं करने दिया।
ओयारजाबाल और पोरो बने हीरो
मैच के 22वें मिनट में लामिन यामाल के मूव पर लुकास डिन्ये ने फाउल किया। मिले पेनाल्टी को मिकेल ओयारजाबाल ने गोल में बदलकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई। 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दानी ओल्मो के साथ तालमेल कर दूसरा गोल दाग दिया। इसके बाद फ्रांस वापसी नहीं कर सका। मैच से पहले यामाल ने कहा था कि “फ्रांस को स्पेन से डरना चाहिए” और मैदान पर वो सच साबित हुआ।
अब फाइनल में किससे टक्कर?
फाइनल रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेला जाएगा। इसमें स्पेन का सामना बुधवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना या इंग्लैंड से होगा। वहीं फ्रांस लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने से चूक गई। अब वो शनिवार को मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में खेलेगी।
