लखनऊ, 30 जून 2026।*आगामी 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी श्री विशाख जी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त श्री बबलू कुमार द्वारा समस्त केंद्र व्यवस्थापकों, नोडल अधिकारियों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 02 एवं 03 जुलाई 2026 को परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। 04 जुलाई 2026 को परीक्षा केवल प्रथम पाली (प्रातः 09:30 बजे से 12:00 बजे तक) में आयोजित होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार की वीडियोग्राफी कराते हुए उन्हें बंद कर दिया जाए, जिसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।उन्होंने बताया कि 02 जुलाई 2026 की प्रथम एवं द्वितीय पाली में 19,734-19,734, 03 जुलाई 2026 की प्रथम एवं द्वितीय पाली में 19,734-19,734 तथा 04 जुलाई 2026 की प्रथम पाली में 17,518 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इस प्रकार जनपद में कुल 96,454 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जनपद में 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि गत परीक्षाओं की भांति इस बार भी रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन पर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे। इन हेल्पडेस्क पर परीक्षा से संबंधित जानकारी, परीक्षा केंद्रों की जियो-टैग लोकेशन तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभ्यर्थियों द्वारा अपना प्रवेश पत्र प्रदर्शित करने पर उन्हें परीक्षा केंद्र की जियो-टैग लोकेशन सहित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही हेल्पडेस्क पर सिविल डिफेंस के वार्डनों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 01 जुलाई 2026 की सायंकाल तक सभी हेल्पडेस्क क्रियाशील कर दिए जाएं।जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग एवं रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों पर स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित कर ली जाए। विशेष रूप से चारबाग रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख बस अड्डों पर रैन बसेरा/होल्डिंग एरिया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जहां परीक्षार्थियों के लिए पेयजल एवं शौचालय की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध रहे। उन्होंने जलकल को आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर तथा नगर निगम को मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन विभाग एवं रेलवे को परीक्षार्थियों की संभावित संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों एवं ट्रेनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में ए सी फूड को निर्देशित किया गया कि बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित खान-पान की दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग न होने पाए। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि इन क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच एवं सैंपलिंग कराई जाए तथा विशेष रूप से पेयजल एवं पैकेज्ड वाटर की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए।जिलाधिकारी ने समस्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री सुरक्षित रखने हेतु क्लॉक रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, पर्स, बेल्ट, गॉगल्स, खाद्य सामग्री अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों का प्रवेश, बायोमेट्रिक सत्यापन, तलाशी, गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित मानकों एवं समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।संयुक्त पुलिस आयुक्त श्री बबलू कुमार ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी कर्मचारी को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा सामग्री को पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के साथ संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए तथा प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों, विशेषकर शौचालयों सहित पूरे परिसर की सघन जांच कराने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर पूर्वी), समस्त केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
