नई दिल्ली : सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। डॉलर के मजबूत होने से दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 3,000 रुपये और चांदी 10,500 रुपये लुढ़क गई। चांदी ढाई महीने के निचले स्तर 2,35,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना 1,49,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मार्च के बाद पहली बार सोना-चांदी में इतनी बड़ी गिरावट देखी गई है।
सोना 1.49 लाख पर आया, मार्च के बाद सबसे सस्ता
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना 3,000 रुपये या 2% टूटकर 1,49,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गया। इससे पहले 27 मार्च को सोना 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था। डॉलर के मजबूत होने और ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से कीमतों पर दबाव है।
चांदी 4.3% लुढ़की: ढाई महीने में सबसे कम भाव
चांदी पर बिकवाली का ज्यादा असर पड़ा। यह 10,500 रुपये या 4.3% गिरकर 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई। यह दो महीने से ज्यादा का निचला स्तर है। 3 अप्रैल को चांदी 2,37,000 रुपये प्रति किलो थी।
ग्लोबल मार्केट का असर: एक दिन पहले बढ़े थे दाम
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी ने कहा कि मजबूत डॉलर और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदों से कीमती धातुओं पर दबाव है। कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला के मुताबिक, सोमवार को अमेरिका-ईरान बातचीत से कीमती धातुओं में हल्की बढ़त थी, लेकिन ब्याज दरों की चिंता हावी हो गई।
ऑटो और वाहन
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 70.33 डॉलर यानी 2% टूटकर 4,121.10 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी 4% से ज्यादा गिरकर 62.27 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। मिराए एसेट शेयरखान के प्रवीण सिंह ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ाने की चिंताओं से हाजिर सोना 4,120 डॉलर प्रति औंस तक लुढ़क गया।
