गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित टाटा पंच ट्रक में घुसी, 2 की मौके पर मौत, 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शुक्रवार दोपहर गंगा एक्सप्रेस-वे पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। प्रयागराज से मेरठ जा रही तेज रफ्तार टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। शवों को क्रेन से निकालना पड़ा।

किलोमीटर 387.6 पर हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे
यह खौफनाक हादसा आसीवन थाना क्षेत्र के नेवादा गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 387.6 पर हुआ। टक्कर के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। आगे बैठे दो लोगों के शव अंदर बुरी तरह फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से शव बाहर निकाले गए।

दो की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद पुलिस और यूपीडा की राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो गंभीर घायलों को बांगरमऊ CHC ले जाया गया। डॉक्टर सागर पटेल ने बताया कि दोनों की हालत बेहद नाजुक थी। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे, जांच शुरू
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए बारीकी से जांच कर रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *