कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह प्रदेश के 16 जनपदों में नवनिर्मित 30 वृहद गोसंरक्षण केंद्रों का उद्घाटन कल करेंगे पशुपालन निदेशालय से होगा केंद्रों का वर्चुअली शुभारंभ

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: 03 मई, 2026 उत्तर प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री धर्मपाल सिंह कल दिनांक 04 मई, 2026 को प्रदेश में गोसंरक्षण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 16 जनपदों में नवनिर्मित 30 वृहद गोसंरक्षण केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन पशुपालन निदेशालय,लखनऊ से करेंगे। कार्यक्रम में पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास के अपर मुख्य सचिव श्री मुकेश मेश्राम भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में संबंधित जनपदों के जनप्रतिनिधिगण भी वर्चुअली रूप से प्रतिभाग करेंगे।
पशुपालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम मध्याह्न 12ः00 बजे पशुपालन निदेशालय, बादशाह बाग, गोकरननाथ रोड, बाबूगंज, आईटी चौराहा, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर देखभाल की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण हेतु निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे गोसंरक्षण केंद्रों की संख्या एवं उनकी सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन नवस्थापित वृहद गोसंरक्षण केंद्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर गोवंश के लिए सुरक्षित आश्रय एवं समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *