लखनऊ : बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर छापेमारी तो खत्म हो गई है लेकिन बलिया आवास और लखनऊ दफ्तर पर इनकम टैक्स की रेड रात भर जारी रही. उमाशंकर सिंह के बलिया के भी ठिकाने पर भी रेड हुई थी. सूत्रों के मुताबिक इनकम टक्स विभाग को तीन करोड़ से अधिक कैश और उमाशंकर सिंह के कंपनी से जुड़े कागजात व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को अधिकारियों ने सीज किया है. हालांकि, अभी विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. बता दें कि बलिया के रसड़ा सीट से तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह एक बड़े कारोबारी भी हैं.
गोमती नगर विपुल खंड में उमाशंकर की कंपनी छात्र शक्ति इंफ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के दफ्तर पर छापेमारी अब भी चल रही है. रात भर इनकम टैक्स के कई अधिकारी इसी दफ्तर में रुके थे. बताया जा रहा है इसी दफ्तर से 3 करोड़ से ज्यादा नगदी बरामद हुई. खनन और निर्माण कार्य से जुड़े तमाम अहम और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनका परीक्षण जारी है. पुलिस और पीएसी के जवान व महिला पुलिसकर्मी भी रात को इसी दफ्तर में ही रुके रहे. कंप्यूटर, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, मोबाइल, डिजिटल डिवाइसेज का गैजेट्स कब्जे में लेकर उनका परीक्षण किया जा रहा है.
छापेमारी के दौरान आयकर विभाग के 50 से अधिक अधिकारी पुलिस की मौजूदगी में पहुंचे थे. टीम ने कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, लेखा-जोखा, बैंक संबंधी दस्तावेज और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, कंप्यूटर और लैपटॉप अपने साथ ले गए. ये सामग्री आगे जांच के लिए दिल्ली या संबंधित आयकर कार्यालय में भेजी जाएगी.
कैंसर से जूझ रहे हैं उमाशंकर सिंह
आयकर विभाग ने इस कार्रवाई की वजह या प्राप्त नतीजों के बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, यह जांच वित्तीय लेन-देन, संपत्ति और आय के स्रोतों से जुड़ी बताई जा रही है. उमाशंकर सिंह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे हैं और लखनऊ में अपने घर पर आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं. इस वजह से विधानसभा सत्र में भी वे हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं.
