पश्चिम बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 7 की मौत, कई घायल

विदेश

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर शहर रविवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री जोरदार विस्फोट हो जाने से 7 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हैं. घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है. हादसा आज सुबह करीब 10 बजे के आसपास का बताया जा रहा है.

बता दें कि हादसा कोलकाता से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में दत्तपुकुर पुलिस थाना क्षेत्र में नीलगंज के मोशपोल में कई लोग कारखाने में काम कर रहे थे. फायर स्टेशन अधिकारी आशीष घोष ने कहा, ‘अब तक पांच शव बरामद किए गए हैं. हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीकी बारासात अस्पताल में भर्ती कराया गया है.’

बताया जा रहा है कि उच्च तीव्रता वाले विस्फोट में आसपास के घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘सिर्फ इस फैक्ट्री में ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में ऐसा माहौल है. मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) ने कहा था कि इन अवैध कारखानों को बंद कर दिया जाएगा, लेकिन वह चोरों को बचाने में व्यस्त हैं…उनका काम राज्य में इमामों के साथ बैठकें करना और सांप्रदायिक कार्ड खेलना है.’

उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक और सामान्य दिन पश्चिम बंगाल में एक और विस्फोट. इस बार उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में हुआ है. अब भी शवों की गिनती की जा रही है, संभवतः 10 से अधिक शव होंगे. पूर्ब मेदिनीपुर के खड़ीकुल गांव में इस साल 16 मई को टीएमसी के भानु बाग द्वारा संचालित बम बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक दर्जन लोगों की जान चली गई थी. तब पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार ने पटाखा उद्योग को नियंत्रित करने के बारे में बड़े दावे किए थे. ऐसा लगता है कि यह उस समय तनाव और सार्वजनिक आक्रोश को शांत करने के लिए महज एक प्रचार स्टंट था.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *