नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य की जनता अब केवल खोखली घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होने वाली, बल्कि उसे जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के गंभीर खतरे से जूझ रहा है।
“जेलें बन चुकी हैं गैंगस्टरों के दफ्तर”
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया:
“पंजाब में गैंगस्टर जेलों को अपना दफ्तर बनाकर चला रहे हैं। राज्य लगातार कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति में फंसता जा रहा है। व्यापारी और आम नागरिक खौफ के साये में जी रहे हैं, जहां सरेआम गोलियां चलाई जा रही हैं और डरा-धमकाकर रंगदारी (गुंडा टैक्स) मांगी जा रही है।”
राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और टॉर्चर के गंभीर आरोप
तरुण चुघ ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के मंत्रियों ने अपने आवासों को कलेक्शन और टॉर्चर सेंटर बना रखा है। रंगदारी न देने वालों को प्रताड़ित कर मनमाफिक टेंडरों पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब जैसा समृद्ध राज्य आज हाशिए पर पहुंच चुका है और भगवंत मान सरकार राज्य में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है।
