दांबुला : ट्राई सीरीज 2026 में सुपर ओवर की हार इंडिया-ए को महंगी पड़ी। सोमवार 15 जून को दांबुला में श्रीलंका-ए से 6 रन से हार के बाद मैदान पर माहौल गरमा गया। सुपर ओवर में जीत से चूके वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़ गए। हाथापाई की नौबत आ गई, लेकिन सूर्यांश शेडगे ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सुपर ओवर में चूके वैभव-सूर्यांश, श्रीलंका ने मनाया जश्न
श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए थे। जवाब में इंडिया-ए की ओर से सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी उतरे। कुगाथास मथुलन ने गेंदबाजी की। पहली बॉल पर 2 रन, दूसरी डॉट, तीसरी पर 1 रन बना। स्ट्राइक पर आए वैभव चौथी बॉल पर सिर्फ 2 रन बना सके। पांचवीं पर चौका लगा, पर आखिरी गेंद डॉट रही। भारत 10 रन ही बना सका और 6 रन से मैच हार गया। जीत के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी जश्न मनाने लगे।
Big heated moment between Vaibhav and a SL Player pic.twitter.com/rKllQ8KJuJ
— CSK Core (@CSKCore) June 15, 2026
जश्न के दौरान बिगड़ा माहौल, वैभव हुए आगबूला
श्रीलंकाई टीम के जश्न के दौरान ही विवाद शुरू हुआ। वैभव सूर्यवंशी किसी बात से नाराज हो गए और श्रीलंकाई फील्डर से उनकी तीखी बहस हो गई। दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के करीब आ गए और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। सूर्यांश शेडगे ने तुरंत वैभव को पीछे खींचा और मामला संभाला। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वैभव गुस्से में मैदान छोड़ने के मूड में नहीं थे। हालांकि बाद में दोनों टीमों ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और मामला शांत हुआ।
मैच का हाल: टाई के बाद सुपर ओवर में हारा भारत
पहले बैटिंग करते हुए इंडिया-ए ने 49.2 ओवर में 265 रन बनाए। सूर्यांश शेडगे 72 रन और विप्रज निगम 51 रन ने 104 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। वैभव सूर्यवंशी 21 रन बनाकर आउट हुए। जवाब में श्रीलंका-ए भी 265/9 पर टाई कर गई। सदीरा समरविक्रमा ने 93 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में अरशद खान ने सदीरा को बोल्ड कर सिर्फ 4 रन दिए, जिससे मैच टाई हुआ। विजयकांत व्यासकांत और मोहम्मद शिराज ने 3-3 विकेट लिए।
इस हार से तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया-ए की फाइनल की राह मुश्किल हो गई है। अब टीम 17 जून को अफगानिस्तान-ए से भिड़ेगी।
