लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती की आस लगाए बैठे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट आया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश और मैदानों में जलभराव को देखते हुए 14 सितंबर से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
कीचड़ और पानी से बिगड़े हालात बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अनुसार, राज्य में तय किए गए 10 प्रमुख परीक्षा केंद्रों के मैदानों में भारी बारिश से पानी और कीचड़ भर गया है। ऐसे माहौल में दौड़ और अन्य शारीरिक मानक परीक्षण कराना अभ्यर्थियों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता था। निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा को टालना ही उचित कदम माना गया।
फिर जारी होंगे नए एडमिट कार्ड परीक्षा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने और स्थिति में सुधार आने के बाद ही नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। नई समय-सारणी तय होने पर उम्मीदवारों के लिए फ्रेश एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को पुराने एडमिट कार्ड के स्थान पर नए प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने होंगे।
तैयारी का मिला अतिरिक्त मौका अचानक परीक्षा टलने से लाखों युवाओं को झटका जरूर लगा है, लेकिन जानकारों का मानना है कि इस अतिरिक्त समय का उपयोग उम्मीदवार अपनी फिटनेस और रनिंग टाइमिंग सुधारने के लिए कर सकते हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारियों पर ही भरोसा करें।
