उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के निर्देशन में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति महामहिम गाइ परमेलिन का स्वागत किया गया। माननीय आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी श्री दीपक कुमार तथा इन्वेस्टयूपी के सीईओ श्री विजय किरण आनंद ने राष्ट्रपति परमेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य स्विस कंपनी द्वारा विकसित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण करना और भारत-स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक व तकनीकी सहयोग को और मजबूत करना था। करीब 65 सदस्यों वाले इस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति की पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और लगभग 40 उद्योगपति शामिल थे।

दौरे की शुरुआत एनआईए ऑफिस में हुई। अवनी बोर्ड रूम में प्रेजेंटेशन के दौरान राष्ट्रपति परमेलिन ने भी संबोधन दिया। इसके बाद आंगन में भारतीय संगीत की धुनों के बीच बैठकर लंच का आयोजन किया गया। लंच और ग्रुप फोटो के बाद प्रतिनिधिमंडल दो हिस्सों में बंट गया। राष्ट्रपति परमेलिन, उनकी पत्नी और चयनित अधिकारी एयरसाइड तथा एटीसी टॉवर का विशेष निरीक्षण करने गए, जबकि शेष प्रतिनिधिमंडल ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम का विस्तृत टूर किया। दोनों दल दोपहर दो बजे तक एयरपोर्ट से रवाना हो गए।

यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास स्विस कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सहायक कंपनी द्वारा किया गया है। योगी सरकार की नीतियों और आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के निरंतर प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन चुका है। इस दौरे से एविएशन के साथ-साथ आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित क्षेत्रों में स्विस निवेश की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।
