वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूस ने उनके अनुरोध पर अमेरिकी नागरिक स्टीफन हबर्ड को पूरी तरह बिना किसी शर्त के रिहा कर दिया है। ट्रंप के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने यह मुद्दा उठाया था, जिसके बाद रूसी अधिकारियों ने हबर्ड को छोड़ दिया।
ट्रंप ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, “मैं व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर चर्चा कर रहा था। मुझे लगता है कि हम किसी समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। उसी दौरान मैंने उनसे अनुरोध किया कि कृपया स्टीफन हबर्ड को रिहा कर दीजिए, और उन्होंने इसके लिए तुरंत हामी भर दी।”
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस रिहाई के बदले में अमेरिका ने रूस को कुछ भी नहीं दिया है। उनके अनुसार, “हमने बदले में कुछ नहीं दिया, जो कि एक बहुत दुर्लभ बात है। अगर आप एक बार बदले में कुछ देना शुरू कर दें, तो समस्याएं और बढ़ जाती हैं।” उन्होंने बताया कि हबर्ड फिलहाल विमान में सवार होकर अपने परिवार के साथ अमेरिका लौट रहे हैं। उनके परिवार को तो ऐसा लगने लगा था कि शायद वे अगले 20-25 सालों तक जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे।
अन्य भू-राजनीतिक मुद्दों पर बयान
इस दौरान ट्रंप ने ईरान की स्थिति पर बात करते हुए दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाइयों के बाद ईरान की सैन्य ताकत और अर्थव्यवस्था गंभीर दबाव में है। साथ ही, उन्होंने रूस और चीन द्वारा इस संघर्ष में सीमित भागीदारी रखने की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देश युद्ध का समाधान चाहते हैं और इस दिशा में सहयोग कर रहे हैं।
