‘उस समय मानचित्र की अहमियत को पहचानना विशेष बात थी’, पीएम मोदी ने की लवलीना की देशभक्ति और सूझबूझ की तारीफ

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली । कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुलाकात की है। बॉक्सिंग में देश को सिल्वर मेडल दिलाने वालीं लवलीना बोरगोहेन से भी प्रधानमंत्री मिले। खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की देशभक्ति और सूझबूझ की तारीफ की। पीएम ने मजाकिया अंदाज में पूछा, “लोग इसे लंबे समय तक याद रखेंगे। क्या अब दुनिया भर के खिलाड़ी हमारे बॉक्सर्स से डरने लगे हैं?” इसके बाद उन्होंने लवलीना से सवाल किया, “क्या हुआ, वह रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थी?” इस पर लवलीना ने जवाब दिया, “खुशी का मौका था सर, हम जश्न मना रहे थे। मुझे अपने देश का गलत नक्शा देखना पसंद नहीं आया। मैंने उन्हें प्यार से बताया और उन्होंने बदलाव भी कर दिए।”
प्रधानमंत्री ने लवलीना के इस कदम को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया। पीएम ने कहा, “जब आप जश्न मना रही थीं और गेम्स खत्म हो गए थे, उस समय उस मानचित्र की अहमियत को पहचान पाना कोई आम बात नहीं थी। यह सोच-समझकर किया गया काम था। इसे लोग बहुत लंबे समय तक याद रखेंगे।”
लवलीना ने कहा, हम लोगों को जिस तरह से सपोर्ट मिल रहा है और बैक टू बैक प्रतिस्पर्धा करने को मिल रहा है, यह बड़ी बात है। जितने भी युवा एथलीट हैं वे सभी ‘खेलो इंडिया’ स्कीम से आए हुए हैं। इससे बड़ा बदलाव हो रहा है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “अगर आप लोगों की ओर से खेलों इंडिया की प्रतिष्ठा बढ़ाई जाती है तो यह बड़ा योगदान होगा। अभी हमें बहुत आगे जाना है, बहुत मेडल लाने हैं।
बता दें कि लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से हार का सामना करना पड़ा था। पहले राउंड में ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सर ने अपना दमखम दिखाते हुए 4 जजों से 10-10 अंक हासिल किए थे। इसके बाद लवलीना ने शानदार कमबैक करते हुए दूसरे राउंड को 4-1 से अपने पक्ष में किया। तीसरे राउंड में 4 जजों ने एम्मा के पक्ष में 10-10 अंक दिए, जिसके साथ लवलीना को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *