लखनऊ । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने गठबंधन और पार्टी की चिंता करनी चाहिए, न कि भाजपा के सहयोगी दलों को मिलने वाली सीटों की। ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि मित्र अखिलेशजी, वैसे तो आप चार्टर प्लेन में चलते हैं लेकिन कभी जहाज़ में चले होंगे तो एयरहोस्टेस अनाउंसमेंट करती हैं कि दूसरों की सुरक्षा से पहले अपनी सुरक्षा खुद करें। ये नियम आप पर राजनीति में भी लागू होता है दोस्त। उन्होंने लिखा कि अपना इंडी अलायन्स तो चल नहीं पा रहा है और दूसरों की सीट बांट रहे हैं। ग़ज़ब मसख़रे हैं महाराज आप। हमें कितनी सीटें मिलेंगी वो हम बीजेपी से बात करके तय कर लेंगे। इसकी चिंता आपको थोड़ी ना करनी है। राजभर ने लिखा कि मैं बताता हूं कि आपको चिंता किस किस बात की करनी है। ध्यान दीजिएगा – – गठबंधन कैसे बचायें – कांग्रेस को कैसे मनायें – परिवार को कैसे जितायें – चुनाव हार कर पार्टी कैसे बचायें – उद्दंड कार्यकर्ताओं को कैसे बचायें – अपराधियों को कैसे बचायें – चच्चू को कैसे संभालें – बाग़ियों को कैसे रोकें – इमरान मसूद का क्या करें – ओवैसी को कैसे हैंडल करें मंत्री राजभर ने कहा कि यही नहीं है, बहुत कुछ है जो आपको मैनेज करना है। कहां आप हमारी चिंता में लगे हैं।
उन्होंन कहा कि हम लोग एक थे, एक हैं, एक रहेंगे। अगले साल चुनाव है, फिर जीतेंगे, फिर जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि बाक़ी आपके इस माइंड गेम से हमारा गेम नहीं बिगड़ने वाला। और हां, कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे, ज़रा ये तो बता दीजिए। ये भी साफ कर दीजिए कि कांग्रेस आपका छोटा भाई है या बड़ा भाई। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव।
