लखनऊ. रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन (बेलूर मठ) के 17 वें और वर्तमान अध्यक्ष स्वामी गौतमानंद जी महाराज रामकृष्ण मिशन लखनऊ के पांच दिवसीय शताब्दी समारोह में भाग लेने रामकृष्ण मठ निराला नगर पहुंचे।महाराज श्री ने भारत के साथ विदेश में वेदांत के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वह सरल सौम्य और सभी धर्म में संभाव के प्रतीक माने जाते हैं. सुबह मठ के मंदिर में उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों की प्रणामी स्वीकार की और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया. उनके साथ रामकृष्ण मठ, लखनऊ के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिनाथानंद भी उपस्थित रहे।
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के शताब्दी समारोह के प्रथम दिन शास्त्रीय संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध – रामकृष्ण मठ का प्रांगण हुआ गुंजायमान।
प्रथम दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में संतूर और शास्त्रीय गायन की जुगलबंदी बनी विशेष आकर्षण।
लखनऊ। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ के गौरवशाली 100 वर्षों की मानव सेवा, आध्यात्मिक साधना एवं समाज कल्याण की यात्रा के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिनांक 17 से 21 नवम्बर, 2026 तक पांच दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन, बेलूड़ मठ के अध्यक्ष परम पूज्य श्रीमत् स्वामी गौतमानंद जी महाराज सहित देश के विभिन्न प्रांतों एवं विदेशों में स्थित रामकृष्ण मठ एवं मिशन के वरिष्ठ संन्यासी, अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित हैं।
समारोह के प्रथम दिन मंगलवार, 17 नवम्बर को रामकृष्ण मठ, निराला नगर, लखनऊ में सायं 6ः15 बजे से रात्रि 9ः00 बजे तक भारतीय शास्त्रीय संगीत की दो विशेष प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रख्यात संतूर वादक पं. दिशारी चक्रवर्ती (नई दिल्ली) के मनमोहक संतूर वादन से हुआ। उनके साथ लखनऊ के जाने-माने तबला वादक खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ान ने शानदार संगत की। संतूर और तबले की मधुर जुगलबंदी ने वातावरण को संगीतमय बना दिया और उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पं. दिशारी चक्रवर्ती प्रतिष्ठित हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतकार एवं संतूर वादक हैं। उन्हें संगीत के क्षेत्र में लगभग 30 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने मैहर घराने के प्रत्यक्ष वंशजों से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। संतूर के अतिरिक्त उन्होंने सरोद, तबला एवं पखावज का भी प्रशिक्षण लिया है। वे यूरोपीय शास्त्रीय संगीत में भी प्रशिक्षित हैं तथा नॉर्वे के अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एवं भारत सरकार की राष्ट्रपति छात्रवृत्ति से सम्मानित कलाकार हैं। उन्होंने अनेक फिल्म, थिएटर एवं नृत्य परियोजनाओं में संगीतकार एवं साउंड डिजाइनर के रूप में योगदान दिया है। उन्हें अब तक 14 पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2005 से अब तक वे 100 से अधिक थिएटर प्रस्तुतियों में पार्श्व संगीत दे चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार की नाट्य अकादमी द्वारा सम्मानित किया गया। वर्ष 2017 में उन्होंने भारत सरकार के फिल्म्स डिवीजन द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री-फीचर ‘ए लाइफ इन डांस: पंडित उदय शंकर’ का निर्देशन किया।
खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन ख़ान, लखनऊ के प्रतिष्ठित तबला वादक हैं। उन्होंने अपनी सधी हुई ताल, लयकारी एवं प्रभावशाली संगत से संतूर वादन की प्रस्तुति को और अधिक आकर्षक बनाया।
इसके पश्चात सायं 7ः15 बजे मेवाती घराने के सुप्रसिद्ध एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शास्त्रीय गायक पं. संजीव अभ्यंकर (पुणे) ने अपनी सुमधुर गायकी से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनके साथ तबले पर श्री अजिंक्य जोशी तथा हारमोनियम पर श्री अभिषेक शिंकर (पुणे) ने प्रभावशाली संगत की। तीनों कलाकारों की उत्कृष्ट संगीत प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
पं. संजीव अभ्यंकर मेवाती घराने के प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत गायक हैं। चार दशकों से अधिक की संगीत साधना के दौरान उन्होंने देश-विदेश के 200 से अधिक शहरों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार तथा प्रतिष्ठित कुमार गंधर्व राष्ट्रीय पुरस्कार सहित अनेक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उनके 100 से अधिक संगीत एल्बम प्रकाशित हो चुके हैं। वे एक उत्कृष्ट गायक, संगीतकार एवं गुरु के रूप में भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
श्री अजिंक्य जोशी एक कुशल तबला वादक हैं। उन्होंने अपनी सधी हुई ताल एवं लयबद्ध संगत से शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। वहीं श्री अभिषेक शिंकर ने हारमोनियम पर अपनी मधुर संगत से गायन को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज ने सभी मंचासीन कलाकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार शास्त्रीय संगीत की इन उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के साथ शताब्दी समारोह के प्रथम दिन का कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं यादगार वातावरण में संपन्न हुआ।
18 नवम्बर के प्रमुख कार्यक्रम
शताब्दी समारोह के दूसरे दिन, बुधवार, 18 नवम्बर 2026 को प्रातः 8ः00 बजे रामकृष्ण मिशन एवं रामकृष्ण मठ, बेलूड़ मठ के अध्यक्ष परम पूज्य श्रीमत् स्वामी गौतमानंद जी महाराज के पावन करकमलों द्वारा भगवान श्रीरामकृष्ण परमहंस की भव्य संगमरमर की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
इस पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व प्रातः 6ः30 बजे रामकृष्ण मठ, निराला नगर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान होते हुए पुनः रामकृष्ण मठ, निराला नगर पहुँचेगी।
इसके अतिरिक्त जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें रामकृष्ण मठ एवं मिशन के वरिष्ठ संन्यासी रामकृष्ण-विवेकानन्द विचारधारा, आध्यात्मिकता, मानव सेवा एवं समाज कल्याण से जुड़े विविध विषयों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे तथा अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित वेदान्त सोसाइटी के प्रभारी स्वामी सर्वप्रियानन्द जी महाराज जो देश व विदेश के जाने माने वक्ता है वह ‘क्या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई) हमारे आध्यात्मिक जीवन के लिए खतरा है?’ विषय पर व्याख्यान देंगे।
