ममता बनर्जी को बड़ा झटका, बागी सांसदों की सूची में सयानी घोष का नाम, लोकसभा स्पीकर को भेजे पत्र पर किए हस्ताक्षर

टॉप न्यूज़ देश

नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी घमासान के बीच पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है। टीएमसी के 20 सांसदों द्वारा लोकसभा स्पीकर को अलग संसदीय व्यवस्था की मांग वाला पत्र भेजे जाने की खबरों के बीच जादवपुर से सांसद सयानी घोष का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

सयानी घोष बंगाल की चर्चित अभिनेत्री, गायिका और TMC सांसद हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान उनका गाना “मेरे दिल में है काबा और आंखों में मदीना” काफी चर्चा और विवाद में रहा था। बीजेपी ने उस समय इस गाने को लेकर ममता बनर्जी और TMC पर मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोप लगाए थे।

राजनीतिक रूप से मुखर मानी जाने वाली सयानी घोष पहले भी बीजेपी पर तीखे हमले करती रही हैं। उन्होंने एक चुनावी सभा में विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा था कि वह अपना राजनीतिक रुख नहीं बदलेंगी। लेकिन अब उनके बागी सांसदों के साथ खड़े होने की खबरों ने बंगाल की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

सूत्रों के मुताबिक, TMC के कई सांसद अलग गुट बनाने और NDA को समर्थन देने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि पार्टी और संबंधित नेताओं की ओर से अभी तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि ये दावे सही साबित होते हैं तो यह ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *