लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा कवि सम्मेलन-मुशायरा दिखा भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बोले— फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट लोगों को एक मंच पर लाकर कर रहा सकारात्मक कार्य

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ विश्वविद्यालय के अरबी-फारसी विभाग में बुधवार को फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट एवं जारा इवेंट्स के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह, कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन हुआ। साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सरोकार और आपसी भाईचारे को समर्पित इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं साहित्यिक जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों ने शिरकत की। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जबकि कवि सम्मेलन और मुशायरे में देर रात तक तालियां गूंजती रहीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। उन्होंने कहा कि फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट लोगों को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ता है और समाज में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति सैयद कमर हसन रिजवी ने शमा रोशन कर कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज में लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं तो देश की प्रगति को नई दिशा मिलती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति जयप्रकाश सैनी ने की।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति से जुड़े विमर्श का भी महत्वपूर्ण मंच है। कवि सम्मेलन और मुशायरे जैसे आयोजन नई पीढ़ी को साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का आईना है और कवि-शायर अपनी रचनाओं से समाज की भावनाओं, समस्याओं और उम्मीदों को अभिव्यक्त करते हैं।कार्यक्रम से पूर्व पूर्व एमएलसी सिराज मेहंदी का जन्मदिन सभी अतिथियों ने केक काटकर मनाया। सिराज मेहंदी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के आयोजन की बात कही।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट के अध्यक्ष मिनाज सलमान शेख ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, कवियों, शायरों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया।कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक डॉ. आरके पटेल, अशरफ खान, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव पप्पू माली, प्रेस मान्यता समिति उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, पूर्व डीजीपी रिजवान अहमद, पूर्व मंत्री नसीरुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री अब्दुल मन्नान, टीले वाली मस्जिद के पेश इमाम कारी अब्दुल मन्नान, इंसाराम अली, पूर्व मंत्री नदीम जायसी, सुरेश बहादुर सिंह, राजेश सिंह, पूर्व आईएएस प्रकाश चंद श्रीवास्तव, गजल गायक मिथिलेश लखनवी, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, नितिन सिंह, सरदार मनमोहन सिंह, सरदार तरनजीत सिंह तथा डॉ. रुचि शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।साहित्यिक जगत से डॉ. माजिद देवबंदी, डॉ. हरिओम, जोहर कानपुरी, शबीना अदीब, अजहर इकबाल, हिमांशी बावरा, अफजल इलाहाबादी, अखिलेश द्विवेदी और सर्वेश अस्थाना ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रजनीकांत मिश्रा, रवि प्रकाश पांडेय, डॉ. रुचि शर्मा, हर्षवर्धन रघुवंशी, वासु अग्रहरि, राहुल शेख, हसनैन क़मर “दीपू”, रमापति तिवारी, मयंक तिवारी, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद शेख, शकील अहमद अजमत, कतिल शेख, डॉ. नासिर खान,वहीद भाई सहित अन्य प्रतिभाओं को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।सम्मान समारोह के बाद आयोजित कवि सम्मेलन और मुशायरे में हास्य, व्यंग्य, प्रेम, देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी रचनाओं ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कवियों और शायरों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, साहित्यप्रेमियों और गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया।कार्यक्रम का संचालन आयोजक सलमान शेख ने किया। जारा इवेंट्स ने कार्यक्रम की इवेंट मैनेजमेंट व्यवस्था संभाली। अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, न्यायमूर्ति, कुलपति, सम्मानित प्रतिभाओं, कवियों, शायरों और सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *