लखनऊ : आग से 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख, 10 से ज्यादा सिलेंडर फटे

उत्तर प्रदेश टॉप न्यूज़ राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. इलाके में बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी भयावह थी कि 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए और100 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं. आग की लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 10 मकानों को खाली करा लिया गया.

घटना के बाद मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और देर रात तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही. इलाके की बिजली सप्लाई काट दी गई है ताकि कोई बड़ा हादसा न हो. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनका सारा सामान जलकर खाक हो गया है और कई लोग खुले आसमान के नीचे आ गए हैं. कुछ स्थानीय लोगों ने आग लगने की घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है.

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी घटना पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी से बात की और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दी जाए और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए. वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को हरसंभव इलाज मुहैया कराया जाएगा.

आग की इस घटना में कई मवेशियों के भी झुलसने की खबर है. पशु कल्याण अधिकारी अभिनव वर्मा के मुताबिक घायल बेसहारा जानवरों को नगर निगम की गोशाला भेजा जा रहा है. अब तक दो गायों का इलाज किया जा रहा है, जबकि छह को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है.

डीजी फायर सुजीत पांडे के अनुसार सूचना मिलते ही बीकेटी और इंदिरा नगर समेत आसपास के फायर स्टेशनों से गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. 20 से अधिक दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया और आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया है. फिलहाल प्रशासन के अनुसार किसी भी तरह की जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *