जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 01 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों, कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन तथा एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी जनगणना हेतु सितंबर में सभी आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता एवं तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए। गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों एवं फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार कर प्रशिक्षण की सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण करने को कहा गया।

उन्होंने अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाने तथा गणनाकर्मियों पर कार्यभार संतुलित रखने के निर्देश दिए। चार्ज एवं पर्यवेक्षण क्षेत्र के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान तथा स्थलीय सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एक ही कर्मचारी की विभिन्न चार्जों में दोहराई गई ड्यूटी न लगे तथा यथासंभव कर्मचारी के निवास स्थान अथवा कार्यस्थल के अनुरूप तैनाती की जाए। पिछली बार जिन विभागों से कार्मिक उपलब्ध कराने अथवा कार्यमुक्ति के संबंध में समस्याएं आई थीं, उन्हें चिन्हित कर समय से पत्राचार एवं कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कार्यमुक्ति/छूट के प्रकरणों की कड़ाई से समीक्षा करने तथा बिना उचित कारण के कार्मिकों को जनगणना कार्य से मुक्त न करने के निर्देश दिए। उपलब्ध कार्मिक आंकड़ों तथा वर्ष 2024 के सामान्य निर्वाचन से संबंधित आंकड़ों का मिलान कर आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण एवं प्राप्ति तथा लंबित भुगतान प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने तथा एक समान अभिलेख के आधार पर सूचनाएं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

इस बैठक में डॉ गौरव पाण्डेय , जनगणना उप निदेशक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *