IPL 2026 : श्रेयस अय्यर का शतक, पंजाब ने लखनऊ को 7 विकेट से हराया, प्लेऑफ की रेस में बरकरार

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-68 में शनिवार (23 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स पर 7 विकेट से जीत हासिल की. पंजाब को जीत के लिए 197 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 18 ओवर में हासिल कर लिया. पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 51 बॉल पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे.

बता दें कि प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स को इस मुकाबले में जीत हासिल करनी थी. अब यदि राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) रविवार (24 मई) को अपने-अपने आखिरी मुकाबले हारती है तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. हालांकि केकेआर की जीत की स्थिति में मामला नेट रनरेट पर फंसेगा. पंजाब किंग्स ने 14 मैच खेलकर 7 में जीत दर्ज की है और उसके 15 अंक हैं. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो गई थी. लखनऊ सुपर जायंट्स के 14 मुकाबलों से 8 पॉइंट्स रहे. पंजाब की जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स (DC) प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो गई.

रनचेज में पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं. मोहम्मद शमी ने इनिंग्स की पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को अर्जुन तेंदुलकर के हाथों कैच आउट करा दिया. इसके बाद शमी ने इनफॉर्म बैटर कूपर कोनोली (18 रन) को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया. यहां से प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच जिताऊ पार्टनरशिप की. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े. प्रभसिमरन ने 39 बॉल पर 69 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे. प्रभसिमरन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और सूर्यांश शेडगे (नाबाद 9 रन) ने टीम को जीत के द्वार तक पहुंचाया.

लखनऊ की पारी की हाइलाइट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए. एलएसजी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. अर्शिन कुलकर्णी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. उनका विकेट अजमतुल्लाह उमरजई ने झटका. फिर मार्को जानसेन ने निकोलस पूरन (2 रन) को बोल्ड किया. यहां से आयुष बदोनी और जोश इंग्लिस के बीच तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने लखनऊ की इनिंग्स को मोमेंटम प्रदान किया. बदोनी ने सिर्फ 18 बॉल पर 43 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल रहे.

आयुष बदोनी को स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी में फंसाया. इसके बाद जोश इंग्लिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी बनाई. पंत 26 रनों के निजी स्कोर पर युजवेंद्र चहल का शिकार बने. वहीं जोश इंग्लिस को पार्टटाइम गेंदबाज शशांक सिंह ने चलता किया. इंग्लिस ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और दो छक्के शामिल रहे.

मुकुल चौधरी (1 रन) के रूप में लखनऊ का छठा विकेट गिरा, जो मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे. अब्दुल समद ने 3 चौके और तीन छक्के की मदद से 20 बॉल पर नाबाद 37 रन बनाए, जिसने लखनऊ को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. अर्जुन तेंदुलकर ने 100 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 5 रनों का योगदान दिया.

इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने तीन मुकाबले जीते. वहीं पंजाब किंग्स को 5 मैचों में जीत नसीब हुई. दोनों टीमें मौजूदा सीजन में दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 19 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से परास्त किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *