न्यूयॉर्क: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला और ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा के बीच ‘आईबीएसए (IBSA) डायलॉग फोरम’ के तहत त्रिपक्षीय बैठक आयोजित हुई।
इस बैठक के दौरान तीनों देशों के विदेश मंत्रियों ने पहलगाम आतंकी हमले की संयुक्त रूप से कड़ी निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ (बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार की मांग:
बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में व्यापक सुधार की मांग उठाई गई, ताकि इसे अधिक लोकतांत्रिक, प्रतिनिधि और वर्तमान वैश्विक वास्तविकताओं के अनुकूल बनाया जा सके।
ग्लोबल साउथ पर असर को लेकर चिंता:
तीनों नेताओं ने दुनिया में चल रहे विभिन्न संघर्षों का ग्लोबल साउथ के देशों पर पड़ रहे असर (जैसे खाद्य और ऊर्जा असुरक्षा, महंगाई और बजटीय दबाव) पर गहरी चिंता व्यक्त की।
पर्यावरण और ऊर्जा क्षेत्र पर जोर:
बैठक में जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने, रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता को तीन गुना करने, और टिकाऊ ईंधनों (जैसे बायोफ्यूल, बायोगैस और लो-कार्बन हाइड्रोजन) के उपयोग को बढ़ावा देने पर सहमति बनी।
महिला सशक्तिकरण और निष्पक्ष व्यापार:
तीनों देशों ने महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण के साथ-साथ विकासशील देशों के हितों की रक्षा करने वाले संतुलित और निष्पक्ष व्यापार ढाचें का समर्थन किया।
