मुंबई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद फिल्म जगत में कलाकारों और कर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब इस मुद्दे पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि फायरिंग, धमकी और जबरन वसूली जैसी घटनाओं ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर और असुरक्षा का माहौल बना दिया है।
पत्र में किन मामलों और मांगों का जिक्र
एफडब्ल्यूआईसीई ने अपने पत्र में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी हालिया फायरिंग की घटना के साथ-साथ अभिनेता सलमान खान और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी से जुड़े पहले के मामलों का भी उल्लेख किया है। संगठन के अनुसार, ऐसी घटनाएं अब किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे उद्योग के लिए गंभीर चिंता बन गई हैं।
-
धमकियों और हमलों पर कार्रवाई: संगठन ने मांग की है कि फिल्मी हस्तियों को मिलने वाली धमकियों और हमलों को गंभीरता से लिया जाए, खतरे का सामना कर रहे कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा ऐसी वारदातों को रोकने के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
-
कामकाज की जगहों पर निगरानी: एफडब्ल्यूआईसीई ने फिल्म सेट, स्टूडियो, शूटिंग लोकेशन, प्रोडक्शन हाउस और अन्य उन स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया है, जहां कलाकारों का आना-जाना रहता है।
-
तालमेल और सख्त कार्रवाई: संगठन ने प्रोडक्शन टीम, निजी सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया है, साथ ही धमकी, जबरन वसूली या हमला करने वाले तत्वों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिल्म इंडस्ट्री की भूमिका पर जोर
एफडब्ल्यूआईसीई ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री देश की सांस्कृतिक पहचान और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है, जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है। ऐसे में अभिनेताओं, निर्देशकों, निर्माताओं, तकनीशियनों और अन्य कर्मचारियों का बिना डर या दबाव के काम करना और सामान्य जीवन जी पाना बेहद जरूरी है।
