सीएम योगी गाजीपुर को देंगे बड़ी सौगात, 692 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

गाजीपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे जनपद के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “आज जनपद गाजीपुर के जखनिया, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानियां, जहूराबाद, गाजीपुर एवं जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करने हेतु 692 करोड़ रुपये लागत की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास होगा। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।” उन्होंने आगे कहा, “इन विकास परियोजनाओं से गाजीपुर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जनजीवन अधिक सुगम बनेगा तथा क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि को नई गति मिलेगी।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को गाजीपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
वहीं, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम से पहले अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए है। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्गों पर सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा में चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *