सभी बूथों पर उपस्थित मिले बीएलओ, डोर-टू-डोर सर्वे कर एएसडी सूची के सत्यापन एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, दिनांक 24 अक्टूबर, 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 24 अक्टूबर, 2026 को जनपद लखनऊ के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं सहित निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित अन्य पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।

विशेष शिविरों के संचालन एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-172, लखनऊ उत्तर के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज स्थित बूथ संख्या 207, 208, 209 एवं 210 तथा आईटीआई, अलीगंज स्थित बूथ संख्या 233, 234, 235, 236 एवं 237 का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने अलीगंज स्थित माइकल हाई स्कूल के बूथ संख्या 223, 224, 225 एवं 226 तथा आईईटी इंजीनियरिंग कॉलेज के बूथ संख्या 350 से 361 तक स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर विशेष शिविरों के संचालन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित बूथों पर बीएलओ उपस्थित पाए गए।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित डिग्री कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों तथा विभागाध्यक्षों (एचओडी) से समन्वय स्थापित करते हुए वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों, विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं, के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बीएलओ द्वारा प्राप्त फर्मों की फीडिंग उसी दिन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *