बंगाल STF ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हमीम मंडल के दूसरे साथी को किया गिरफ्तार

देश

कोलकाता । पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध हामीम मंडल के दूसरे सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। हमीम मंडल को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान आदित्य सिंह उर्फ ​​राज के तौर पर हुई है। उसे पश्चिम बंगाल के हावड़ा में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि जांच अधिकारियों को आरोपी आदित्य के बारे में जानकारी हमीम मंडल और उसकी साथी अर्पिता सरकार से पूछताछ के बाद मिली। एसटीएफ ने इन दोनों को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया था। हमीम मंडल और अर्पिता सरकार पर पाकिस्तान स्थित आतंकवादी-आपराधिक समूह ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (एसबीएन) के साथ संबंध होने के भी आरोप हैं।
सूत्रों ने बताया कि जांच में पता चला है कि आदित्य ने हमीम मंडल को उमेश राय और उनके परिवार के सदस्यों के बारे में अहम जानकारी दी थी। एसबीएन हनी-ट्रैपिंग, ब्लैकमेलिंग और जरूरत पड़ने पर अपहरण कर फिरौती मांगने के लिए उन्हें निशाना बना रहा था। सामने आया कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद उमेश राय को मिली धमकी भरी कॉल के पीछे भी आदित्य सिंह का ही हाथ था।
उमेश राय हावड़ा जिले के हावड़ा-उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हैं और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य कैबिनेट में राज्य मंत्री भी हैं। सूत्रों ने बताया कि एसटीएफ की टीम रविवार देर रात आरोपी के घर पहुंची और पूरी रात उससे पूछताछ की। रात भर चली पूछताछ के बाद सोमवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले, शुक्रवार को हमीम मंडल को बर्दवान से गिरफ्तार किया गया। उसी रात पड़ोसी राज्य झारखंड के साहिबगंज में अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ अधिकारियों ने हमीम मंडल के पास से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शेड्यूल और आवाजाही से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए थे। फिलहाल, दोनों 14 दिन की एसटीएफ कस्टडी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *