लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को पार्क व्यू एवं ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट के 59 फ्लैटों का लॉटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी ऑडिटोरियम में हुये इस लॉटरी ड्रा में आवेदकों के हाथों से ही लॉटरी की पर्चियां निकलवायी गयीं।
एलडीए के अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि बसन्तकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने पार्क व्यू अपार्टमेंट निर्मित किया जा रहा है। इसमें 03 बीएचके प्लस स्टडी श्रेणी के 22 एवं 03 बीएचके श्रेणी के 17 फ्लैटों का लॉटरी से आवंटन किया गया। वहीं, ऐशबाग में मिल रोड पर बनने वाले ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट में 03 बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के 20 फ्लैट आवंटित किये गये। उन्होंने बताया कि लॉटरी की पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। इस मौके पर प्रभारी अधिकारी-सम्पत्ति देवांश त्रिवेदी एवं विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
