भिंड में भीषण हादसा, यूपी के लखीमपुर लौटते वक्त पिकअप डंपर से टकराई, 8 मजदूरों की मौत

मध्यप्रदेश राज्य

ग्वालियर । मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छिमका गांव के पास मजदूरों से भरे एक लोडिंग वाहन की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसा ग्वालियर-भिंड मार्ग पर गोहद चौराहे के पास छिमका गांव के पास हुआ। पिकअप गाड़ी में सवार सभी मजदूर ग्वालियर से काम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने सामने से पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एक घायल मजदूर ने बताया, “हम मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आ रहे थे और अपने घर जा रहे थे। एक ट्रक ने हमारी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।” हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
जेएएच के ट्रॉमा सेंटर के कैज़ुअल्टी इंचार्ज डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया, “यह घटना आज भिंड जिले के छिमका गांव के पास हुई, जो गोहद चौराहा के नजदीक है। मजदूर एक पिकअप गाड़ी में जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक डंपर से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।”
डॉ. शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो दर्जन से अधिक गंभीर घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि 5 लोगों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। बाकी तीन लोगों की मौत रास्ते में हो गई। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *