नई दिल्ली: महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों का पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने जवाब दिया है। चिदंबरम ने कहा कि गृह मंत्री या तो तथ्यों को भूल गए हैं या सच छिपा रहे हैं, और यदि सरकार संविधान से अनुच्छेद 334ए हटा दे तो महिला आरक्षण को तत्काल लागू किया जा सकता है।
कानून और अनुच्छेद 334ए पर चिदंबरम का तर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान (106वां) संशोधन अधिनियम, 2023 पहले ही संसद के दोनों सदनों (20 और 21 सितंबर 2023) से पारित होकर कानून बन चुका है, जिसे कांग्रेस ने पूरा समर्थन दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून पहले से मौजूद है, तो भाजपा सरकार इसे लागू क्यों नहीं कर रही और नए विधेयक की बात क्यों हो रही है।
चिदंबरम के अनुसार, इस अधिनियम में अनुच्छेद 334ए जोड़ा गया है, जो महिला आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने संसद में बहस के दौरान भी इस प्रावधान का विरोध किया था, क्योंकि यह जनगणना और परिसीमन के रूप में दो अनावश्यक बाधाएं खड़ी करता है। उनके मुताबिक, भाजपा को केवल अनुच्छेद 334ए हटाने का प्रस्ताव लाना चाहिए, जिसके बाद आरक्षण तुरंत लागू हो जाएगा।
क्या था अमित शाह का बयान? इससे पहले गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर महिला आरक्षण को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और विपक्ष उन्हें रोक नहीं सकता।
