जयपुर: जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में रामनगर के पास एक बंद घर के अंदर तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक महिला, उसकी बेटी और बेटा शामिल हैं। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि घर के अंदर तीन लोग बेहोशी की हालत में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि तीनों की मौत हो चुकी थी और शव अलग-अलग कमरों में मिले।
पुलिस और एफएसएल की जांच पुलिस अधिकारी दिलीप के मुताबिक, शुरुआती जांच और मिले सुसाइड नोट से परिवार के आर्थिक तंगी से जूझने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि बेटे ने पहले मां और बेटी की हत्या की और उसके बाद खुद आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट कागज के बजाय युवक के मोबाइल में मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
डीसीपी नॉर्थ करन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दरवाजा खोलने पर करीब 35 वर्षीय युवक फंदे से लटका मिला, जबकि अन्य दो कमरों में महिलाओं के शव पड़े थे। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
