लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगी। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह बयान ऐसे समय दिया है, जब परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की चर्चाओं के बीच विपक्षी दलों का विरोध तेज हो गया है।
कांग्रेस और जयराम रमेश के आरोप इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार को घेरते हुए उसकी मंशा पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार प्रस्तावित विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में जरूरी संख्याबल जुटाने का प्रयास कर रही है।
संविधान दिवस के अवसर पर जयराम रमेश ने इस कदम को संविधान का अपमान और उस पर हमला बताया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती की शाम परिसीमन से जुड़े विधेयकों को सार्वजनिक किया गया था, लेकिन 17 अप्रैल की रात वे संसद में पारित नहीं हो सके, क्योंकि उन्हें आवश्यक संवैधानिक बहुमत और आम सहमति नहीं मिल पाई।
जयराम रमेश का आरोप है कि इसके बाद सत्तारूढ़ दल ने संसद में संख्याबल जुटाने के लिए 105 दिनों तक ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया। उन्होंने कहा कि अब संविधान दिवस पर 105 दिनों के बाद संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की गई है, ताकि दो-तिहाई बहुमत जुटाकर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराया जा सके। अखिलेश यादव और कांग्रेस के इस रुख से स्पष्ट है कि विपक्ष परिसीमन के मुद्दे पर संसद के भीतर और बाहर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
