लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 1,594 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित करने से पहले उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इनमें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि हर युवा के परिश्रम को सम्मान, प्रतिभा को अवसर और सपनों को नई उड़ान देना ही डबल इंजन सरकार का मुख्य संकल्प है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रणाली सुनिश्चित की है और युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर नए अवसर खोले हैं। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद ने युवाओं के भरोसे को ठेस पहुंचाई थी।
46,800 छात्रों को टैबलेट की सौगात नियुक्ति-पत्र वितरण के साथ ही मुख्यमंत्री ने गोंडा जिले में ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ के तहत गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 विद्यार्थियों व प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट प्रदान करने की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि एक ओर लखनऊ में युवाओं की मेहनत को नियुक्ति का सम्मान मिल रहा है, तो दूसरी ओर गोंडा में छात्रों को डिजिटल सामर्थ्य मिल रहा है। इससे पहले गोरखपुर में भी योजना के दूसरे चरण के तहत गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे जा चुके हैं।
