योगी सरकार की पहल से प्रदेश के 1.33 लाख विद्यालयों में गूंजा संविधान का संदेश; 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 26 नवम्बर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों से जोड़ने पर विशेष बल दे रही है। इसी क्रम में गुरुवार, 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में भव्य एवं विशेष आयोजन किए गए। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय के परियोजना कार्यालय तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में भी संविधान दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया, जहां अधिकारियों एवं कार्मिकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

प्रदेश भर के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालयों की प्रातःकालीन प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक स्वर में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस अवसर पर बच्चों को बताया गया कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला हैं तथा इन संवैधानिक आदर्शों का सम्मान करना और उन्हें अपने दैनिक व्यवहार में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

विद्यालयों में आयोजित विशेष परिचर्चाओं एवं शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान सभा की भूमिका, उसके सदस्यों के अमूल्य योगदान और संविधान निर्माण की गौरवशाली ऐतिहासिक यात्रा से परिचित कराया गया। आयोजन को अत्यंत रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए बच्चों ने पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए विद्यार्थियों ने संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। बच्चों को सामाजिक समरसता, विविधता में एकता, राष्ट्रीय अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। प्रदेश के विद्यालयों में आयोजित इन सभी गतिविधियों और विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता का विवरण डिजिटल माध्यम से भी दर्ज किया गया। योगी सरकार की इस पहल से विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवैधानिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के विकास को नया प्रोत्साहन मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *