प्रदेश में 315 मेगावाट की सौर विद्युत परियोजनाओं की स्थापना के लिए 1,505 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर हुआ विचार-विमर्श

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 25 नवम्बर, 2026उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश को स्वच्छ, हरित एवं ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सौर ऊर्जा के व्यापक विस्तार पर विशेष बल दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश में सौर विद्युत परियोजनाओं की स्थापना, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने तथा नगरीय क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग श्री रणवीर प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को सौर विद्युत परियोजनाओं एवं मॉडल सोलर सिटी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विस्तार एवं नवीन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में जनपद आगरा की तहसील फतेहाबाद में 15 मेगावाट तथा जनपद ललितपुर की तहसील तालबेहट में 300 मेगावाट क्षमता की सौर विद्युत परियोजनाओं की स्थापना के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। कुल 315 मेगावाट क्षमता की इन परियोजनाओं में 1,505 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। परियोजनाओं की स्थापना के लिए निवेशकों द्वारा प्रस्तुत सरकारी भूमि आवंटन संबंधी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।प्रमुख सचिव ने प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में संचालित मॉडल सोलर सिटी योजना की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की। योजना के अंतर्गत कुल 75.75 करोड़ रुपये की लागत से 21,972 सोलर स्ट्रीट लाइट, 1,807 सोलर हाईमास्ट लाइट तथा 501 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन कार्यों से नगरीय क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होने के साथ नगर निगमों के विद्युत व्यय में भी कमी आएगी।प्रमुख सचिव ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने, स्वीकृत एवं संचालित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नवीन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में कुछ नगर निगमों द्वारा बेहतर सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था के लिए 18 वाट के स्थान पर 30 वाट क्षमता की सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित करने का सुझाव दिया गया।बैठक में मोबाइल बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इस प्रणाली के उपयोग से डीजल जनरेटर पर निर्भरता कम होने के साथ ईंधन व्यय, ध्वनि एवं वायु प्रदूषण में कमी लाने में मदद मिलेगी।इन सौर ऊर्जा परियोजनाओं से लगभग 3.54 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है, जो लगभग 1.61 करोड़ वृक्षों की वार्षिक कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषण क्षमता के समतुल्य है। परियोजनाओं से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता में कमी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही वर्ष 2070 तक भारत के नेट जीरो उत्सर्जन लक्ष्य की प्राप्ति में भी उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान होगा।सौर ऊर्जा परियोजनाओं के निर्माण, स्थापना, संचालन एवं रखरखाव से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं, इंजीनियरों, तकनीशियनों, कुशल एवं अर्द्धकुशल श्रमिकों को रोजगार मिलने के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्थानीय सेवा प्रदाताओं तथा सहायक उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे प्रदेश में हरित अर्थव्यवस्था, कौशल विकास एवं उद्यमिता को नई गति मिलेगी।प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सौर ऊर्जा परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की इन पहलों से हरित निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत नगरीय विकास को नई दिशा मिलेगी।बैठक में निदेशक यूपीनेडा श्री रविंद्र सिंह, सचिव यूपीनेडा श्री पंकज सिंह सहित वित्त एवं राजस्व विभाग, यूपीपीसीएल, यूपीनेडा तथा प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों के संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी आगरा एवं जिलाधिकारी ललितपुर वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *