50 सप्ताह की ‘मुख्यमंत्री पाती’ पर सीएम योगी का भावुक संदेश, बोले- सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनी यह संवाद श्रृंखला

उत्तर प्रदेश टॉप न्यूज़ राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करने की अनूठी पहल ‘योगी की पाती’ (मुख्यमंत्री पाती) के 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम एक भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि यह पाती केवल पत्र लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच आत्मीय संवाद और विश्वास का एक मजबूत सेतु बन गई है।

‘उत्तर प्रदेश मेरे लिए एक परिवार, जहां आदेश नहीं संवाद होता है’अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 25 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं है, और परिवार में आदेश नहीं बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है। उन्होंने बताया कि हर सप्ताह पाती लिखने के पीछे उनका उद्देश्य आम लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सीधे बात करना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की पीड़ा व अपेक्षाओं को स्वर देना रहा है।

वनटांगिया समुदाय के अनुभव से मिली संवाद की प्रेरणामुख्यमंत्री ने यह भी साझा किया कि जनता से इस तरह जुड़ने की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांवों के दौरे के दौरान मिली थी। उन्होंने याद किया कि कैसे दशकों तक बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से वंचित रहे वनटांगिया समुदाय की स्थिति को करीब से देखने के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि शासन की सार्थकता केवल योजनाएं बनाने में नहीं, बल्कि उपेक्षित वर्गों तक सीधे पहुंचकर उनके जीवन में बदलाव लाने में है।

‘आपकी आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति’सीएम योगी ने प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से मिलने वाले सुझाव, प्रतिक्रियाएं और उनकी आवाज ही इस पाती की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने आह्वान किया कि विचारों की यह साझेदारी भविष्य में भी इसी तरह जारी रहे, ताकि सबके सामूहिक प्रयास से एक समृद्ध, सुरक्षित और संस्कारों में श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश का निर्माण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *