उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है। राजभर ने दावा किया है कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा और उनके सहयोगियों का अस्तित्व और अहंकार मटियामेट हो जाएगा।
‘पहले अपनी पार्टी बचाने की सोचें’ ओम प्रकाश राजभर ने लगातार बयानों के जरिए अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि उन्हें 2027 में सत्ता में आने के सपने देखने से पहले अपनी पार्टी को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। राजभर का कहना है कि सपा के दावों और उनके ‘पीडीए’ (PDA) फॉर्मूले की पोल अब खुद उनकी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता ही खोलने लगे हैं।
विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप कैबिनेट मंत्री राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्षी दल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन 2027 के चुनाव में जनता उनके बड़बोलेपन और दावों का करारा जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां मिल रही हैं और माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई हुई है, जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है।
