नई दिल्ली : बिहार में कुदरत का कहर जारी है और बाढ़ के विकराल रूप के बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सीधे ग्राउंड ज़ीरो पर उतर चुके हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह घुटने तक पानी में उतरकर पीड़ितों तक मदद पहुंचा रहे हैं। अपनी गाड़ी से राशन बांटने से लेकर ज़रूरतमंद महिलाओं को सीधे 500-500 रुपये का नकद कैश थमाने तक, उनका यह अलग अंदाज़ चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
पटना के दीघा घाट से लेकर पूर्णिया, कटिहार और राघोपुर के दूर-दराज इलाकों तक पप्पू यादव लगातार दौरे कर रहे हैं। राहत सामग्री के तौर पर आटा, चावल और चूड़ा जैसी खाने की चीज़ों के साथ-साथ महिलाओं को सेनेटरी पैड और आवाजाही के लिए नावों की व्यवस्था भी कराई गई है।
‘राशन खत्म हुआ तो जेब खोल दी’, फिर हो गई 1 लाख की चपत
मदद के इस सिलसिले के दौरान उनका एक बयान ज़बरदस्त सुर्खी बन गया। पप्पू यादव ने दावा करते हुए कहा, “मेरे पास इतना पैसा है कि सरकार के पास भी नहीं होगा।” उन्होंने सफाई दी कि जब बांटने के लिए राशन खत्म हो गया, तब लोगों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें नकद पैसे बांटने पड़े। इसी आपाधापी में पटना में राहत बांटते वक्त भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनके बैग या जेब से करीब 1 लाख रुपये साफ कर दिए। इस बीच उन्होंने नीतीश कुमार और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि संकट के इस दौर में सरकारी मदद का दूर-दूर तक अता-पता नहीं है।
आखिर कितनी है पप्पू यादव की दौलत?
खुले हाथों से पैसे बांटने और सरकार से ज्यादा अमीर होने के दावे के बाद यह सवाल उठना लाजमी है कि सांसद के पास कुल कितनी संपत्ति है?
2024 के लोकसभा चुनाव में दिए गए स्वघोषित हलफनामे के अनुसार:
कुल संपत्ति: करीब 12.08 करोड़ रुपये (12,08,84,682 रुपये)
कुल देनदारियां (कर्ज): करीब 1.72 करोड़ रुपये (1,72,36,808 रुपये)
चल-अचल संपत्ति: एक इनोवा कार, लगभग 204 ग्राम सोना, बैंक डिपॉजिट और कई जगहों पर आवासीय-व्यावसायिक ज़मीनें।
हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि ये आंकड़े 2024 चुनाव के वक्त दाखिल हलफनामे के आधार पर हैं, जो तत्कालीन आधिकारिक संपत्ति का ब्योरा देते हैं।
