लखनऊ, 12 अगस्त 2026। जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 ने आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में आज व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने विधान भवन के समक्ष आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए मंच, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर जवानों तथा शहीदों के आश्रितों का सम्मान किया जाएगा। मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा ध्वजारोहण एवं प्रदेशवासियों को संबोधित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक टीमों एवं उत्तर प्रदेश के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को प्रातः 8:15 बजे स्वतंत्रता दिवस समारोह का रिहर्सल आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि प्रमुख सड़कों, सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर की गई प्रकाश व्यवस्था, फसाड लाइटिंग एवं सजावट से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को पूर्णतः कार्यशील करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल कैंप, फायर ब्रिगेड, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत निकली जाने वाली प्रभात फेरियों में नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। ऐतिहासिक इमारतों, चौराहों, पार्कों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सजावट का कार्य भी समय से पूर्ण कराया जाए। विद्यालयों में निबंध, वाद-विवाद, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय एकता, सद्भाव एवं राष्ट्रप्रेम पर आधारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक स्थित गांधी भवन में सायं 5:00 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा तथा सायं 7:00 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह की व्यवस्थाएं भी निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, अपर जिलाधिकारी ट्रांस गोमती, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट सहित नगर निगम, एलडीए, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
