चंबा बस दुर्घटना: चालुज मोड़ पर 100 फीट नीचे पलटी शर्मा ट्रैवल्स की बस, 8 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 10 घायल

देश

चंबा: हिमाचल प्रदेश का चंबा जिला एक बार फिर भीषण सड़क हादसे से दहला है। शनिवार सुबह तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में चालक और परिचालक (ड्राइवर-कंडक्टर) समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवल्स की यह निजी बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा शहर के लिए रवाना हुई थी। यात्रा शुरू होने के महज तीन किलोमीटर बाद, सुबह 7:15 बजे चालुज मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस मोड़ से नीचे पलटते हुए दूसरी सड़क पर जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कुछ यात्री मलबे के नीचे दब गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

चंबा जिला आपदा प्रबंधन (डीडीएमए) और स्थानीय विधायक हंस राज ने दुर्घटना में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान जगदेव, हरदेई, देशराज, जगदेई (सभी निवासी बाहला, देवकोठी), रूप सिंह (गांव चिल्ली), तेज सिंह (गांव सत्यास) और नीलमा (निवासी देवकोठी) के रूप में हुई है।

इस हृदयविदारक घटना पर हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और चुराह से विधायक हंस राज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है तथा प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि चंबा जिले में बीते दो महीनों के भीतर सड़क हादसों का दौर थमता नज़र नहीं आ रहा है। तीसा, डलहौजी और हाल ही में हुए लैंडस्लाइड हादसों को मिलाकर अब तक 25 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *