ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित ‘ILGIM’ नाम की एक निजी कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दमकल विभाग के दो जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।
रात 3 बजे की घटना
जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स चिप बनाने वाली इस कंपनी में देर रात करीब 3 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
अचानक भरभराकर गिरी दीवार और भारी बीम
दमकल विभाग की टीम जब अपनी जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाने में जुटी थी, तभी अचानक कंपनी की एक तरफ की दीवार और छत पर लगा लोहे का भारी बीम भरभराकर नीचे आ गिरा। इस मलबे की चपेट में आने से वहां तैनात पांच दमकलकर्मी दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो जवानों की मौत, तीन की हालत खतरे से बाहर
हादसे के तुरंत बाद सहकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घायलों को मलबे से निकाला और एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद फायरमैन रोहित कुमार और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल तीन अन्य पुलिसकर्मियों—मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
जांच में जुटे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने की असली वजहों का पता लगाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दो जांबाज जवानों की शहादत से दमकल विभाग और परिजनों में शोक की लहर है।
