काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ के आयोजन की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ, 30 जुलाई 2026। जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 ने आगामी 09 अगस्त को बाजनगर, काकोरी स्थित काकोरी स्मृति स्थल पर आयोजित होने वाले काकोरी ट्रेन एक्शन की वर्षगांठ कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, पहुंच मार्ग तथा आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, पहुंच मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, मरम्मत तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा की तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत काकोरी एवं खंड विकास अधिकारी काकोरी को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत काकोरी को निर्देशित किया गया कि नगर निगम व जिला पंचायतराज अधिकारी से समन्वय करते हुए संपूर्ण कार्यक्रम स्थल की पर्याप्त साफ सफाई हेतु प्रत्येक प्वाइंट पर सफाई कर्मियों की टीम की तैनाती सुनिश्चित कराई जाए।

साथ ही बारिश के मौसम की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम को कार्यक्रम स्थल पर संभावित जलभराव से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर निदेशक संस्कृति को काकोरी स्मृति स्थल स्थित शहीद मंदिर की रंगाई पुताई, पुष्प सजावट एवं शहीदों के नाम की नई नाम पट्टिकाओ को लगाने तथा काकोरी ट्रेन एक्शन की थीम पर आधारित आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे आगंतुकों को ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम तैयार किया जा सके। संस्कृति विभाग द्वारा बताया गया कि इस वर्ष हर घर तिरंगा योजना से संबंधित स्टालों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अमर शहीद उद्यान का भी निरीक्षण किया तथा वहां प्रस्तावित वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यान में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएं तथा वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण हेतु स्थल का चिन्हांकन करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से पूरी करना सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रफुल्ल शर्मा, अपर जिलाधिकारी (नगर पूर्वी) श्री महेंद्रपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री साहिल कुमार सहित माध्यमिक शिक्षा, पुलिस, तहसील सदर, नगर पंचायत काकोरी, क्षेत्र पंचायत काकोरी, नगर निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संस्थान, वन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *