नई दिल्ली/श्रीनगर। सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने भारतीय रेलवे की जमकर तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए भारतीय रेलवे पर गर्व जताया और कहा कि वह सरकार के वादों पर भी उसी तरह गर्व करना चाहते हैं। वीडियो में सोनम वांगचुक ने कहा कि वह लद्दाख के दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली से श्रीनगर के बीच शुरू हुई नई वंदे भारत ट्रेन सेवा में पहली बार सफर किया, जो उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “हम लद्दाख के लिए निकल रहे हैं। हमने ट्रेन से सफर किया, जो मेरा पसंदीदा यातायात का माध्यम है। दिल्ली से श्रीनगर के लिए नई शुरू हुई वंदे भारत सेवा के साथ यह मेरा पहला अनुभव था। मैं चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल को भी देखना चाहता था और यह सचमुच एक खूबसूरत अनुभव रहा। मुझे भारतीय रेलवे पर बहुत गर्व है।”
वांगचुक ने आगे बताया कि कश्मीर में एक दिन विश्राम करने के बाद उनकी टीम अब लद्दाख की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कश्मीर की ताज़ी हवा और स्वच्छ पानी ने उन्हें नई ऊर्जा से भर दिया है।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मुझे भारतीय रेलवे पर गर्व है। भारतीय (सरकार) के वादों पर भी गर्व करना चाहता हूँ…” उनके इस संदेश को रेलवे की उपलब्धियों की सराहना के साथ-साथ सरकार से किए गए वादों को पूरा करने की अपेक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।
