बांसवाड़ा में स्कूल वैन खड़े ट्रक से टकराई, एक छात्र की मौत, छह घायल

राजस्थान राज्य

बांसवाड़ा । राजस्थान के बांसवाड़ा शहर में बुधवार सुबह ठीकरिया क्षेत्र में सेंट पॉल स्कूल की बच्चों से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें एक बच्चे की मौत और छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, वैन में सवार बच्चे जानामेड़ी, बाहुबली कॉलोनी और हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के निवासी थे, जो सुबह स्कूल जा रहे थे। दुर्घटना में हयन बसानिया, पुत्र डॉ. राजेंद्र बसानिया, निवासी हाउसिंग बोर्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही राजा तालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका आपातकालीन वार्ड में इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल रूद्र, पुत्र रंजन नेमा, निवासी हाउसिंग बोर्ड को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मनीष चारण भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दो थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, हालांकि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा और सड़क पर खड़े भारी वाहनों के प्रति लापरवाही जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *