वॉशिंगटन । राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनकी सरकार ने अमेरिका के लिए 19.2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी व्यापार और आर्थिक नीतियों के कारण एशिया और यूरोप की कई विनिर्माण कंपनियां अपना उत्पादन अमेरिका स्थानांतरित कर रही हैं, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं (ग्लोबल सप्लाई चेन) का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) जॉर्जिया के मैरिएटा में आयोजित एक रैली में दावा किया कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था “स्वर्णिम युग” में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने नए विनिर्माण संयंत्रों, दवा उद्योग में निवेश और ऊर्जा साझेदारियों का हवाला देते हुए कहा कि एशिया और यूरोप की कई कंपनियां अब अन्य देशों के बजाय अमेरिका में निवेश और उत्पादन को प्राथमिकता दे रही हैं। ट्रंप ने कहा, “मेरे प्रशासन के दो साल पूरे होने से पहले ही, बल्कि पहले साल के अंत तक ही, हमने दुनिया भर से 19.2 ट्रिलियन डॉलर से अधिक के नए निवेश सुनिश्चित किए हैं।”
उन्होंने पूर्ववर्ती प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा, “चार वर्षों में उन्होंने 1 ट्रिलियन डॉलर से भी कम निवेश हासिल किया, जबकि हमने केवल 15 महीनों में 19.2 ट्रिलियन डॉलर का निवेश आकर्षित किया है।”
ट्रंप ने दावा किया कि कई वैश्विक कंपनियां अपना उत्पादन अमेरिका में स्थानांतरित कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “टोयोटा ने अभी घोषणा की है कि वह मेक्सिको छोड़कर अमेरिका आ रही है और यहां दुनिया का सबसे बड़ा संयंत्र बनाएगी। वे सभी वापस आ रहे हैं। वे कनाडा और मेक्सिको छोड़ रहे हैं। जर्मनी, जापान और दक्षिण कोरिया से भी कंपनियां अमेरिका आ रही हैं।”
राष्ट्रपति ने जॉर्जिया में घोषित नई औद्योगिक परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दवा कंपनी यूसीबी (UCB) 2 अरब डॉलर का निवेश कर ग्विनेट, जॉर्जिया में अपना पहला अमेरिकी विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जापान जॉर्जिया में 60 करोड़ डॉलर की लागत से हीरा प्रसंस्करण (डायमंड प्रोसेसिंग) इकाई स्थापित कर रहा है, जबकि यामाहा मोटर केनेसॉ में अपना नया अमेरिकी मुख्यालय बना रही है।
रोजगार के मोर्चे पर ट्रंप ने दावा किया, “आज अमेरिका में पहले से कहीं अधिक लोग रोजगार में हैं और यह अंतर बहुत बड़ा है।”
उन्होंने शेयर बाजार और महंगाई का जिक्र करते हुए कहा, “चुनाव के बाद से शेयर बाजार 73 बार रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुका है। जहां शेयर बाजार नई ऊंचाइयों पर है, वहीं महंगाई लगातार घट रही है।”
ट्रंप ने अपनी सरकार की कर नीतियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में लागू किए गए कानून के तहत टिप (बख्शीश), ओवरटाइम वेतन और कई अमेरिकियों के लिए सोशल सिक्योरिटी लाभ पर कर समाप्त कर दिया गया है।
उनके अनुसार, जॉर्जिया में 1.30 लाख टिप पाने वाले कर्मचारियों ने औसतन 7,000 डॉलर से अधिक कर की बचत की है, जबकि लगभग 7 लाख कर्मचारियों को ‘ओवरटाइम पर कोई टैक्स नहीं’ प्रावधान का लाभ मिला है।
ट्रंप ने बच्चों के लिए शुरू किए गए ‘ट्रंप अकाउंट्स’ का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे कर लाभ वाले बचत खातों की योजना बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा देना है।
ऊर्जा क्षेत्र पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा, “हम उस अभियान की लागत कई बार वसूल कर चुके हैं। हम भारी मात्रा में तेल प्राप्त कर रहे हैं। यदि अमेरिका और वेनेजुएला को मिलाकर देखें तो हमारे पास दुनिया के लगभग 62 प्रतिशत तेल संसाधन हैं।”
ट्रंप ने दावा किया कि उनकी आर्थिक रणनीति के कारण अमेरिकी उद्योग फिर से प्रतिस्पर्धी बन रहा है और कंपनियां विदेशों में उत्पादन करने के बजाय अमेरिका में ही विनिर्माण कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “इस समय अमेरिका में जितना निवेश हो रहा है, उतना हमारे देश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। यही अमेरिका का स्वर्णिम युग है।”
ट्रंप का यह दावा ऐसे समय आया है जब उनका प्रशासन टैरिफ, कर प्रोत्साहनों और कंपनियों को विनिर्माण इकाइयां अमेरिका में स्थानांतरित करने के लिए प्रोत्साहित करने वाली औद्योगिक नीति को आक्रामक तरीके से आगे बढ़ा रहा है। इस रणनीति का विशेष फोकस सेमीकंडक्टर, दवा उद्योग, महत्वपूर्ण खनिज, उन्नत विनिर्माण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) अवसंरचना पर है।
