नई दिल्ली | पेपर लीक के मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। PM मोदी ने कहा कि पेपर लीक में शामिल दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।
क्या कहा PM मोदी ने?
PM मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “हमारे युवाओं के कल्याण और भविष्य से बड़ा कुछ नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने फैसला लिया है कि पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।”
उन्होंने बताया कि इन अदालतों का मकसद दोषियों को जल्दी और सख्त सजा दिलाना है। मामलों के निपटारे में देरी न हो इसके लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विभागों को इस बारे में जरूरी निर्देश दे दिए हैं। उनसे कहा गया है कि वे इस फैसले को लागू करने के लिए सभी जरूरी कार्रवाई करें।
PM मोदी ने साफ चेतावनी देते हुए कहा, “जो लोग युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”
छात्रों के लिए राहत की खबर
पेपर लीक की घटनाएं लगातार युवाओं के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। सरकार का कहना है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से ऐसे मामलों में जल्दी फैसला आ सकेगा और दोषियों को सख्त सजा मिलने का रास्ता साफ होगा।
PM ने इसे छात्रों के हित में सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की एक कड़ी बताया।
