बेतिया : बिहार के पश्चिम चंपारण से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव में एक पिता ने पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। डूबने से तीनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी तैरकर बच गई। आरोपी को ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोगों में भारी आक्रोश है।
मायके छोड़ने का झांसा देकर ले गया, नहर में धक्का दिया
भंगहा गांव के रामबाबू यादव का सोमवार रात पत्नी ललिता से किसी बात पर विवाद हुआ था। मंगलवार सुबह करीब 3 बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला। उसने पत्नी से कहा कि उसे मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव छोड़ देगा।
लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के पास बरोहिया नहर के नजदीक पहुंचते ही रामबाबू ने पहले पत्नी को नहर में धक्का दे दिया। फिर एक-एक कर तीनों बच्चों को भी बहती नहर में फेंक दिया। ललिता किसी तरह तैरकर बाहर निकली और मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई।
सुबह मिला बच्ची का शव, दोपहर तक तीनों की मौत की पुष्टि
मंगलवार सुबह नहर में एक बच्ची का शव देखकर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया।
दोपहर बाद नहर से दो और बच्चों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। दो शव ग्रामीणों ने निकाले, एक शव पुलिस ने बरामद किया। इसके बाद तीनों बच्चों की पहचान रामबाबू के बेटे-बेटियों के रूप में हुई।
ससुराल वालों ने पकड़ा आरोपी, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। आरोपी रामबाबू यादव को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम है। आरोपी पिता की इस करतूत को लेकर लोगों में गुस्सा है।
