आगरा: फतेहपुर सीकरी में 3 जून को 20-25 फीट गहरे तालाब में डूब रही लड़की को बचाने वाले रिक्रूट सिपाही दीपक सोलंकी को पुलिस कमिश्नर 1000 रुपये नकद और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
घटना ग्वालियर गेट के पास की है। लड़की को डूबता देख भीड़ शोर मचा रही थी, लेकिन गहराई के डर से कोई पानी में नहीं उतरा। उसी समय चीता मोबाइल से गुजर रहे दीपक ने लड़की को संघर्ष करते देखा। बिना देर किए जूते उतारे और वर्दी में ही तालाब में कूद गए।
ऐसे बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की लगातार गहरे पानी में जा रही थी। दीपक ने स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी की व्यवस्था कराई और उसी के सहारे लड़की तक पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद लड़की को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने कहा कि कुछ मिनट की देरी जानलेवा हो सकती थी।
अफसरों ने की तारीफ
पुलिस कमिश्नर ने दीपक के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। विभाग का कहना है कि बिना सुरक्षा उपकरण के पानी में कूदना उनका सेवा भाव दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि दीपक ने साबित किया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था नहीं, जान बचाने में भी सबसे आगे रहती है।
