लखनऊ, दिनांक 27 मई 2026, जनपद लखनऊ में ‘जनगणना-2027’ की तैयारियों को सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह कार्य दिनांक 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम जोन-1 के अंतर्गत विभिन्न हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों (HLB) का भ्रमण कर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से संवाद स्थापित करते हुए गणना कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान गणना से संबंधित अभिलेखों, प्रपत्रों एवं डिजिटल माध्यम से किए जा रहे डेटा संकलन की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य पूर्ण निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोनल अधिकारी एवं सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रतिदिन कार्य की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्देश दिया कि समस्त जोनल अधिकारियों द्वारा जिन अपार्टमेंट्स अथवा बहुमंजिला भवनों में जनगणना कार्यों में अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हो रहा है, वहां राजस्व निरीक्षकों को भेजकर स्थानीय निवासियों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए एवं जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
उक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश कुमार सिंह, जोनल अधिकारी जोन 1 सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
