बकरीद को लेकर सीएम योगी के निर्देश पर बोले राजभर- जो आवागमन बाधित करेगा उसके खिलाफ केस दर्ज होगा

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बकरीद से जुड़े निर्देशों पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि सड़क पर कुर्बानी नहीं होगी। सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय का निर्देश है कि सड़कों को बाधित न किया जाए। उन्होंने कहा कि आवागमन को जो भी बाधित करेगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अगर त्योहार के दिन केस दर्ज किया जाएगा तो विपक्ष कहेगा कि त्योहार नहीं मनाने दिया जा रहा है, जेल भेजा जा रहा है। उससे अच्छा है कि उन्हें पहले ही हिदायत दे दी जाए कि सड़क पर ऐसा न करें। बिजली की समस्या को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सर्दी के मौसम की तुलना में गर्मी में 100 गुना ज्यादा खपत बढ़ जाती है। 20 वर्ष पहले जो ट्रांसफॉर्मर 20 कनेक्शनों का लोड झेल रहे थे, मौजूदा वक्त में वे लगभग 250 कनेक्शनों का लोड झेल रहे हैं। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर जलने और तार टूटने की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं।
तेज प्रताप यादव के बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वे सच्चाई बोल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के शासन में प्रदेश के हालात कैसे थे, यह सभी जानते हैं। मुजफ्फरनगर दंगों की आग में जल रहा था और बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई में नाच देख रहे थे। उस इलाके के लोगों ने इस घटना को भुलाया नहीं है। सपा सरकार में गुंडाराज था। जिन बहनों के साथ सपा के गुंडों ने अत्याचार किया, वे परिवार इन्हें पसंद नहीं करते हैं। इनके कारनामे ही इन्हें रसातल में ले जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी की ओर से सरकार बनने पर सख्ती के बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वादा किया है, उसे पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। घुसपैठियों को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाल में घुसपैठियों का जो आवागमन होता था, वह बंद हो जाएगा और जो यहां पहले से हैं, वे खुद ही चले जाएंगे।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण आसपास के देशों में दिक्कत है, तो भारत में भी असर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, अकेले भारत में दाम नहीं बढ़ाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *