लखनऊ : लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. यहां एक बेटे ने अपनी ही मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. मुख्य आरोपी अनिल यादव ने अपने नाबालिग रिश्तेदार के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए शातिराना चालें भी चलीं.
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक सूरज और आरोपी अनिल यादव की मां के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे. करीब दो महीने पहले आरोपी बेटे ने अपनी मां और सूरज को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. आरोपी बेटे अनिल ने सूरज को कई बार घर आने से मना किया और चेतावनी दी, लेकिन सूरज नहीं माना. इसी जिद ने उसकी जान ले ली.
8 मई की रात को आरोपी ने सूरज को रास्ते से हटाने का फुलप्रूफ प्लान बनाया. आरोपियों ने सूरज को फोन कर शराब पीने के लिए बुलाया और उसे गांव के बाहर एक सुनसान आम के बाग में ले जाया गया. जब सूरज नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उसके चेहरे पर हमला कर दिया. सूरज ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने ईंट व चापड़ से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी.
कत्ल के बाद पुलिस को चकमा
एसीपी कृष्ण नगर रजनीश वर्मा के मुताबिक, आरोपी ने कत्ल के तुरंत बाद उन्होंने अपने खून से सने कपड़े धोए और एक शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को शक न हो. वारदात के अगले दिन जब पुलिस मौके पर छानबीन कर रही थी, तब भी मुख्य आरोपी वहीं मौजूद था और पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रख रहा था.
पुलिस ने इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आरोपियों ने सूरज का आईफोन लूट लिया था, जिसे ट्रैक करते हुए पुलिस कातिलों तक पहुंच गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी (9वीं का छात्र) को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
